फ्लाईओवर, मुख्य चौराहों में आई दिक्कत, पंप मशीनों की मदद से निकाला गया पानी
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। शहर में शुक्रवार शाम से शुरू हुई बारिश का क्रम शनिवार को भी जारी रहा। इससे सड़कों में पड़े गड्ढों और मुख्य चौराहों में पानी रुक गया, जिससे वाहन चालकों सहित राहगीरों को काफी परेशान होना पड़ा है।
हालांकि, नगर निगम की टीमें पंप मशीनों के माध्यम से पानी की निकासी में जुटी रही। बारिश से तापमान में गिरावट आई है। इससे ठंड काफी बढ़ गई है। हालत यह रही कि वेयरहाउस में बस स्टैंड में कीचड़-कीचड़ जमा गया। पुराने बस स्टैंड सड़क में भी पानी भरा रहा।
बारिश से फ्लाईओवर, ज्यूल चौक, एमए स्टेडियम सड़क, पनामा चौक, गांधी नगर सहित अन्य जगहों में पानी भरा रहा। एयरपोर्ट रोड, रायपुर सतवारी, वेयरहाउस, कैनाल हेड, नानक नगर सहित अन्य सड़कों में परेशानी आई है। इस दौरान दोपहिया वाहन गड्ढों के कारण फिसलते भी रहे। नगर निगम देर शाम तक पानी की निकासी करने में जुटा रहा है।
मोहल्लों को जाने वाली सड़कों में तारकोल नहीं डाला गया है। इस कारण गड्डों को भरमार है। बारिश के बाद नालियों और सड़कों में पानी रुका रहा। जैसे ही मौसम खराब हुआ तो बिजली की आंखमिचौली भी शुरू हो गई। बारिश थमने के बाद नरवाल, बठिंडी, पुराना शहर, बख्शी नगर और अन्य इलाकों में समस्या का निदान हुआ।
बारिश कंडी इलाकों के लिए वरदान
बारिश कंडी इलाकों के लिए वरदान से कम नहीं है। इस समय अच्छी पैदावार के लिए बारिश जरूरी है। साथ ही बेमौसमी सब्जियों गोभी, बंदगोभी, धनिया, टमाटर के लिए भी फायदेमंद साबित होगी। कृषि विभाग के निदेशक एएस रीन ने कहा कि समतल इलाकों के साथ कंडी इलाकों में 5 फीसदी तक पैदावार में बढ़ोतरी होगी। इस समय बारिश की जरूरत है।