22 जनवरी को अयोध्या में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के उपलक्ष्य में जम्मू शहर में उत्सव की तैयारियां चल रही हैं। शहर के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर जैसे बावे वाली माता मंदिर, श्रीरघुनाथजी मंदिर, शिव मंदिर आदि अन्य मंदिरों में भव्य उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इससे पहले मंदिरों में सफाई अभियान भी जोर-शोर से चलाया जा रहा है। इसके अलावा कई संगठनों ने भी लोगों से इस दिन को दिवाली की तरह मनाने का आह्वान किया है।
शहर के प्रसिद्ध श्रीरघुनाथजी मंदिर में चार दिवसीय भव्य उत्सव का आयोजन किया जाएगा। 19 को सुंदरकांड के पाठ से चार दिवसीय उत्सव का आयोजन होगा। वहीं, 22 को सांस्कृतिक और संगीत कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिसमें सोनाली डोगरा, रवि रघुवंशी, रमन सलाथिया, निर्भय सलाथिया और विशाल गुप्ता जैसे गायक रघुनाथजी मंदिर में अपनी मधुर आवाज से भक्तों को मंत्रमुग्ध करेंगे।
बावे वाली माता मंदिर में भी धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसे लेकर मंदिर के महंत बिट्टा ने बताया कि रामलला के प्राण प्रतिष्ठा के दिन मंदिर में भव्य कार्यक्रमा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बैंड बाजों के साथ कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतिया देंगे।
लोअर हरि सिंह नगर रिहाड़ी कॉलोनी स्थित शिव मंदिर में भी कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। मंदिर कमेटी के महासचिव संजीव गुप्ता ने बताया कि 22 को प्राण प्रतिष्ठा के दिन मंदिर में बड़े एलईडी स्क्रीन पर अयोध्या में होने वाले रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह का लाइव प्रसारण किया जाएगा। इसके अलावा भक्तों के लिए उस दिन भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इससे पहले 21 जनवरी को मंदिर में सफाई अभियान चलाया जाएगा।
कविंदर गुप्ता ने धार्मिक स्थलों पर स्वच्छता के महत्व पर दिया जोर
भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री कविंदर गुप्ता ने मंगलवार को गांधीनगर निर्वाचन क्षेत्र के कई मंदिरों में सफाई अभियान का नेतृत्व किया। इस अवसर पर कविंदर गुप्ता ने धार्मिक स्थलों पर स्वच्छता के महत्व पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म में मंदिरों में स्वच्छता बनाए रखने का कार्य भक्ति का एक रूप माना जाता है। धार्मिक स्थलों पर सफाई अभियान न केवल एक व्यावहारिक पहल है, बल्कि राम मंदिर अभिषेक के शुभ अवसर के लिए पवित्र स्थान तैयार करने का एक प्रतीकात्मक संकेत भी है। उन्होंने स्वच्छता अभियान में भाग लेने के लिए स्वयंसेवकों, पार्टी सदस्यों और स्थानीय समुदाय के प्रति आभार जताया।
शिवसेना ने की 22 जनवरी को सरकारी अवकाश की मांग
शिवसेना (यूबीटी) जम्मू-कश्मीर ईकाई ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता कर प्रशासन से 22 जनवरी को सार्वजनिक अवकाश की घोषणा करने सहित शराब व मीट की दुकानों को बंद रखने की अपील की है। इसके साथ ही शिवसेना ने महाराष्ट्र के नासिक में कालाराम मंदिर में पूजा-अर्चना और गोदावरी घाट पर प्रभु श्री राम की महाआरती का आयोजन किया है। मनीश साहनी ने जम्मू वासियों को इसका खुला आमंत्रण दिया है।
उन्होंने कहा कि जम्मू निवासी 22 जनवरी को अयोध्या में प्रभु श्री राम मंदिर का उद्घाटन और प्राण प्रतिष्ठा समारोह का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। लोगों ने इस पावन अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करने और शराब-मीट की दुकानों को बंद रखने के अपील की है। उन्होंने कहा कि मांगों को लेकर जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव व संभागीय आयुक्त से लिखित निवेदन भी किया है। साथ ही दुकानदारों और संगठनों से भी 22 जनवरी को मीट, शराब की दुकानों को बंद रखने की अपील की है।