नामांकन प्रक्रिया के चलते कई रूट बंद, जाम लगने से लोग परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। राजनीतिक दलों की ओर से नामांकन के दौरान रोड शो और रैलियों के चलते शहर के विभिन्न रूटों पर यातायात व्यवस्था चरमरा रही है। नामांकन प्रक्रिया के दौरान अधिकांश राजनीतिक दलों की ओर से रैली की शक्ल में जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में पहुंचा जा रहा है, जिससे संबंधित रूट कई कई घंटे बंद रखे जा रहे हैं। इससे जाम की समस्या बढ़ रही है।
मंगलवार को भी एक राजनीतिक दल द्वारा नामांकन प्रक्रिया के दौरान रैली निकालने के दौरान रेजीडेंसी रोड, विवेकानंद रोड, शहीदी चौक आदि पर वाहनों का यातायात बंद रखा गया था। इन रूटों पर यातायात बंद रहने से शहर के अन्य रूट भी प्रभावित हुए। रैली निकालने के दौरान तवी पुल तक वाहनों का जाम लगा हुआ था। इसी तरह महेशपुरा चौक से नीचे आने वाले रूटों पर भी यातायात व्यवस्था चरमराई रही। हालांकि प्रमुख राजनीतिक दलों द्वारा नामांकन भर लिए गए हैं, लेकिन आगामी दिनों में जिला निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय में अन्य नामांकन प्रक्रिया के दौरान भी जाम की समस्या हो सकती है।