शहरी विकास विभाग चलाएगा 200 बसें, अलग से बनेंगे डिपो और चार्जिंग प्वाइंट
परियोजना पर खर्च होंगे 628 करोड़ रुपये, श्री अमरनाथ यात्रा से पहले चलाने की तैयारी
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। प्रधानमंत्री ई-बसों से शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक लोगों को भी यातायात सुविधा मिलेगी। श्री अमरनाथ यात्रा से पहले बसों को चलाने की तैयारी है। कुल 200 नई बसें श्रीनगर और जम्मू शहर के लिए आ रही हैं। इसमें कुल 100 बसें जम्मू शहर में चलनी है। अतिरिक्त बसें चलने से लोगों को मेटाडोर या फिर निजी वाहन हायर कर गंतव्य तक नहीं पहुंचना पड़ेगा।
वातानुकूलित बसों में गर्मी के मौसम में भी आरामदायक सफर करने का तोहफा मिलेगा। इन बसों के लिए बस स्टैंड, चार्जिंग पाइंट सहित अन्य सुविधाओं पर काम आरंभ हो रहा है। इसके लिए जमीन को चिह्नित किया जा रहा है। बसों को स्थानीय, ग्रामीण और लांग रूट में चलाया जाना है। प्रोजेक्ट पर कुल 628 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसमें 158 करोड़ रुपये की सब्सिडी राशि और लगभग 167 करोड़ रुपये की कमाई हर साल सरकार को होगी।
हालांकि, पहले से चल रही 100 ई बसों से लोगों को सफर करना आसान हुआ है। ऐसे रूट जहां पर सरकारी बसें कम चलती है, इन जगहों में भी सुविधा मिलेगी।
इन रूटों पर चलेंगी अतिरिक्त बसें
जम्मू से अखनूर, मढ़, मिश्रीवाला, आरएस पुरा, अरनिया, बाड़ी ब्राह्मणा, नगरोटा सहित अन्य रूटों में सुविधा मिलेगी। यहां पर सरकारी 5 तो 10 ई बसों की सुविधा मिल रही है।
इतनी बसों की मिलेगी सुविधा
जम्मू शहर में 52 सीटर 25 बसें, 32 सीटर की 75 बसें चलाने की योजना है। इसी तरह श्रीनगर में 52 सीटर की 20 तो 42 सीटर की 80 बसें चलाई जाएंगी।
शहर से सरकारी बसों की संख्या
शहर से ग्रामीण इलाकों के लिए कुल एक से दो बसों की ही सुविधा मिल रही है। इसी बीच कुछ जगहों में ई-बसें भी पहुंच रही हैं। ग्रामीण इलाकों से शहर तक पहुंचने के लिए दो साधनों का प्रयोग ही लोग कर रहे हैं। बसें न आने पर लोगों को मीलों का सफर भी पैदल तय करना पड़ता है। ई-बसें चलने से लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।
अतिरिक्त ई-बसें चलने से सफर आसान होगा। पीएम ई-बसों के लिए कार्रवाई पूरी की जा रही है। व्यवस्था होने के बाद बसों को शुरू कर दिया जाएगा।
- डाॅ. देवांश यादव, सीईओ, स्मार्ट सिटी