पाकिस्तानी गोलाबारी के घायलों ने बयां किया दर्द, कहा-धमाके के बाद मच गई थी चीख-पुकार
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। रिहाड़ी कॉलोनी निवासी नीरज गुप्ता ने बताया कि शहर में शनिवार को रोशनी की पहली किरण तक सब कुछ ठीक था, लेकिन कुछ देर बाद ही पाकिस्तानी हमले से सब कुछ बदल गया। बारूद की गंध और आंखों के सामने खून बिखरा था। कुछ समझ नहीं आ रहा था।
पाकिस्तानी हमले से रिहाड़ी कॉलोनी, बन तालाब व नौशेरा से घायल हुए जीएमसी जम्मू में उपचार के लिए लाए गए। उन्होंने बताया कि गोलाबारी की अलग-अलग घटनाओं में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि नौ लोग घायल हुए हैं। अस्पताल में उपचाराधीन चिकित्सा कर्मचारी नीरज गुप्ता (53) ने बताया कि शनिवार सुबह परिवार के सदस्य काम पर जाने की तैयारी में थे कि अचानक जोरदार धमाके के साथ एक गोला घर की छत के साथ गिरा। इसके बाद चीख-पुकार मच गई।
गोला गिरने के दौरान हम कमरे के बाहर खड़े थे और बेटी हिताक्षी गुप्ता (21) कमरे में चाय पी रही थी। धमाके की चपेट में आने से पड़ोसी विनीत गुप्ता (45) गंभीर रूप से घायल हो गए। घर के बाहर खड़ी दस से अधिक गड़ियां क्षतिग्रस्त हुई हैं। एक अन्य घायल ठठर बन तालाब निवासी शोना बेगम (50) ने बताया कि परिवार के कुछ सदस्य जाग रहे थे तो कुछ अन्य कार्यों में व्यस्त थे। तभी एक शेल घर की खिड़की तोड़ते हुए पैर में आकर लगा, जिससे पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
अजिया बीबी (14) के सिर और पैर में चोट आई है। नौशेरा निवासी मुश्ताक अहमद ने बताया कि सुबह घर के बाहर हाथ धो रहा था तभी एक शेल गिरा, जिसकी चपेट में आकर घायल हो गया। सोहन लाल (30) पुत्र गौरी लाल व मोहम्म इश्फाक (14) पुत्र मुश्ताक हुसैन घायल हुए। अन्य घायलों में राजेंद्र निवासी रिहाड़ी कॉलोनी शामिल हैं। गोलाबारी से जाकिर हुसैन (45) निवासी बनतालाब की मौत हुई है।