पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान नियंत्रण रेखा के पार से लगातार फायरिंग कर रहा है। बीती रात लगातार 10वें दिन पाकिस्तान ने सीजफायर का उल्लंघन किया। भारतीय सेना ने पाकिस्तानी गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया।
भारतीय सेना ने बताया कि 03-04 मई 2025 की रात को पाकिस्तानी सेना की चौकियों ने जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा, बारामुल्ला, पुंछ, राजौरी, मेंढर, नौशेरा, सुंदरबनी और अखनूर के आसपास के इलाकों में नियंत्रण रेखा के पार बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी की। भारतीय सेना ने तुरंत और उचित जवाब दिया।
अंतरराष्ट्रीय सीमा तक पहुंचा पाकिस्तान का दुस्साहस
पहलगाम हमले के बाद भारत की सख्त कार्रवाइयों से छटपटा रहे पाकिस्तान की बौखलाहट बढ़ती ही जा रही है। वह लगातार अपने पैर पर कुल्हाड़ी मारने वाली हरकतें कर रहा है।
- इससे पहले 2 और 3 मई की रात को पाकिस्तानी गोलीबारी का भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया।
- 1 मई और 2 मई की रात को भी पाकिस्तान ने बिना उकसावे फायरिंग की, जिसका भारतीय सेना ने कड़ा जवाब दिया।
- इससे पहले 30 अप्रैल और 1 मई 2025 की रात के दौरान पाकिस्तानी सेना की चौकियों ने कुपवाड़ा, उड़ी और अखनूर के सामने नियंत्रण रेखा के पार से गोलीबारी की थी।
- ऐसे ही 29-30 अप्रैल की रात को नौशेरा, सुंदरबनी और अखनूर सेक्टरों में नियंत्रण रेखा के पार से पाकिस्तान ने सीजफायर का उल्लंघन किया था। सेना ने यह भी बताया था कि पाकिस्तान की ओर से किया जा रहा संघर्षविराम उल्लंघन अब सिर्फ एलओसी तक ही सीमित नहीं है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय सीमा तक पहुंच गया है।
- पाकिस्तानी सेना ने 28-29 अप्रैल की रात में कुपवाड़ा और बारामुला जिलों के साथ-साथ अखनूर सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पार से बिना उकसावे के गोलीबारी की थी।
- 27-28 अप्रैल की रात को कुपवाड़ा और पुंछ जिलों के विपरीत क्षेत्रों से बिना उकसावे के गोलीबारी की गई थी।
- 26-27 अप्रैल की रात को तुतमारी गली और रामपुर सेक्टर के पास सीमा पार से पाकिस्तानी सेना ने फायरिंग की थी।
- ऐसे ही 25-26 अप्रैल की रात और 24 अप्रैल की रात को भी नियंत्रण रेखा पर कुछ स्थानों पर पाकिस्तानी सेना की ओर से फायरिंग की गई थी।