जब तक मदद पहुंची, वो अलविदा कह चुका था
उस वक्त पत्नी को समझ नहीं आया कि वह किसको सूचित करे। वह चीखती-चिल्लाती रही कि ऐसा मत करो। कुछ देर बाद उसने राजिंदर के जानकार एक ट्रक चालक को फोन कर मामले की जानकारी दी। इससे पहले कि वह मौके पर पहुंचता, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। जानकार चालक ने अपने कुछ अन्य जानकारों को बताया। राजिंदर को आनन-फानन जीएमसी ले जाया गया। यहां जांच में डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं, जीएमसी पुलिस चौकी की तरफ से इस मामले की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई। पुलिस कंट्रोल रूम की ओर से नरवाल पुलिस चौकी में इसकी सूचना दी गई। पुलिस ने इसे लेकर मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी त्रिकुटा नगर शिवदेव सिंह का कहना है कि मृतक के परिवार से बातचीत की गई है। वह गुरुवार को जम्मू पहुंचेंगे। परिजनों के आने पर पोस्टमार्टम होगा। बताया गया है कि फंदा लगाने से पहले वह अपनी पत्नी से व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल कर रहा था। उसी वक्त उसने फंदा लगा लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।