अरनिया। अरनिया अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए लगाई गई 102 नंबर दो एंबुलेंस बिना ड्राइवर के अस्पताल परिसर में ही खड़ी कबाड़ हो रही हैं। इसकी तरफ स्वास्थ्य विभाग का बिल्कुल ध्यान नहीं है।
सीमावर्ती क्षेत्र होने के चलते आपातकाल में ज्यादातर लोगों को एंबुलेंस के लिए इंतजार करना पड़ता है। हालांकि अरनिया अस्पताल में 108 नंबर एक एंबुलेंस सेवा दे रही है, लेकिन वह नाकाफी है। एंबुलेंस की कमी से अरनिया अस्पताल में ज्यादातर मरीजों को जीएमसी जम्मू पहुंचने के लिए टैक्सी करनी पड़ रही है। उन्हें जम्मू तक का 2000 रुपये किराया देना पड़ रहा है। 102 नंबर एंबुलेंस लोगों की सहूलियत के लिए लगाई गई थी। परंतु स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही की वजह से दोनों एम्बुलेंस बिना ड्राइवर के कबाड़ हो रही हैं। 102 नंबर एक एम्बुलेंस पिछले 5 साल से खड़ी है। दूसरी एंबुलेंस पिछले 8 महीने से अस्पताल परिसर में खड़ी है।
इस मुद्दे पर भाजपा जिला जम्मू बॉर्डर के अध्यक्ष सुनील दत्त शास्त्री ने कहा कि अस्पताल में दो एंबुलेंस कबाड़ हो रही हैं। इसके बारे में जानकारी नहीं है। अब इसका पता चला है। जल्द ही स्वास्थ्य विभाग के डायरेक्टर से मुलाकात कर ड्राइवर की तैनाती करवाई जाएगी।
डीडीसी अरनिया सुरेखा देवी ने कहा कि ड्राइवर की तैनाती को लेकर बीएमओ बिश्नाह शमीम अहमद चौधरी, सीएमओ जम्मू हरबख्श सिंह और डीसी जम्मू को बार-बार अवगत करवाया जाता है, परंतु उनकी तरफ से ड्राइवर न होने की बात कही जाती है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि उनके पास उचित संख्या में स्टाफ उपलब्ध नहीं है। उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि अधिकारी उनकी बात को गंभीरता से नहीं लेते हैं।
इस मुद्दे पर अरनिया के स्थानीय निवासी एडवोकेट पवन सैनी ने कहा कि सरकारी पैसे का दुरुपयोग हो रहा है। एंबुलेंस मरीज की सुविधा के लिए है, परंतु अरनिया अस्पताल में एंबुलेंस शो पीस बनकर रह गई है। मात्र ड्राइवर न होने की वजह से एंबुलेंस कबाड़ हो रही हैं। स्वास्थ्य अधिकारी और प्रशासन को इस पर कड़ा संज्ञान लेना चाहिए।
पंचायत तरेबा की पूर्व सरपंच बलबीर कौर ने कहा कि सीमा पर गोलीबारी के दौरान आपातकाल अवस्था में एंबुलेंस की प्राथमिकता पर जरूरत होती है। अस्पताल में दो एंबुलेंस बिना ड्राइवर के खड़ी हैं तो स्वास्थ्य विभाग कि सरासर लापरवाही है। उन्होंने कहा कि वह तत्काल ही इस मुद्दे पर सीएमओ जम्मू से बात करेंगी।
कोट
निदेशक स्वास्थ्य विभाग से अरनिया अस्पताल में ड्राइवर की तैनाती को लेकर बात हुई है। जल्द ही ड्राइवर को तैनात कर दिया जाएगा।
-शमीम अहमद चौधरी, बीएमओ बिश्नाह