जम्मू। दिल्ली-अमृतसर-कटड़ा एक्सप्रेस वे पर कुंजवानी से नरवाल तक ब्लाइंड वाॅल के खिलाफ मलिक मार्केट में बुधवार दोपहर लोगों ने एनएचएआई के खिलाफ प्रदर्शन किया। पूर्व एमएलसी विक्रम रंधावा ने जेसीबी का काम रोका और ब्लाइंड वॉल का कुछ हिस्सा तोड़ दिया। इस पर प्रदर्शनकारियों की पुलिस से हाथापाई हो गई। वहीं एक घंटा लगातार प्रदर्शन के बाद गर्मी में भाजपा नेता शाम लाल लंगर की तबीयत बिगड़ी गई। बेहोशी की हालत में उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। हालांकि शाम को उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया।
ब्लाइंड वॉल से 11 किमी घूमकर आना पड़ेगा
मलिक मार्केट में रहने वाले सिख समुदाय का कहना है कि अगर एक्सप्रेस वे पर ब्लाइंड वॉल बनती है तो परेशानी और ज्यादा हो सकती है, क्योंकि उन्हें नरवाल से या फिर सैनिक कॉलोनी से घूमकर आना होगा। गुरुद्वारा साहिब में जाने के लिए उन्हें एक सड़क पार करनी होती थी, लेकिन अब उन्हें 11 किमी का रास्ता तय कर आना पड़ेगा। इससे पहले भी 14 जून को लोग प्रदर्शन कर हाईवे जाम कर चुके हैं।
बेहोश होने से पहले प्रदर्शन में शाम लाल लंगर ने कहा कि हमने पहले भी केंद्रीय मंत्री से अपनी मांग जनवरी में रखी थी, लेकिन कार्य होता रहा। 17 जून को हमने फिर केंद्रीय मंत्री के समक्ष अपनी बात रखी। उन्होंने फिर आश्वासन दिया, लेकिन काम और तेजी से होने लगा। लोगों ने कहा कि जहां लोग रहते हैं और कार्य करते हैं (कुंजवानी से नरवाल तक) वहां ब्लाइंड वाॅल बन रही है। जहां लोग नहीं रहते (नरवाल से मोहमाया मंदिर तक) वहां पर ब्लाइंड वॉल नहीं है।
पू्र्व एमएलसी विक्रम रंधावा ने कहा कि हमने पिछले बुधवार को एनएचएआई के अधिकारियों से बात की थी। उन्होंने कहा था कि डिजाइन में बदलाव करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि कुछ भी हो जाए अब यह कार्य नहीं होने देंगे।
यहां के लोग हैं परेशान
एक्सप्रेस वे को लेकर कुंजवानी, सैनिक कॉलोनी, छन्नी हिम्मत, नरवाल सेक्टर के लोग परेशान हैं। इसके अलावा बस स्टैंड, नरवाल मंडी, ट्रांसपोर्ट नगर, आरटीओ ऑफिस में जाने के लिए दिक्कत आ सकती है।
दो बार मिल चुके नितिन गडकरी से
- लोगों ने जनवरी में दिल्ली में ब्लाइंड वॉल की समस्या को लेकर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की।
- इसके बाद भी काम नहीं रुकने पर तीन बार प्रदर्शन किया।
- 17 जून को लोग फिर से श्रीनगर में नितिन गडकरी से मिले।
- फिर भी काम नहीं रुकने पर बुधवार को फिर प्रदर्शन किया।
परेशानी
-पूर्व एमएलसी विक्रम रंधावा ने कहा कि सिख समुदाय को गुरुद्वारा साहिब में माथा टेककर 11 किमी घूम कर आना पड़ेगा। आम जनता को अपने घर आने के लिए 12 से 15 किमी घूम कर आना पड़ेगा।
-भाजपा नेता शाम लाल लंगर ने कहा कि ब्लाइंड वॉल से व्यापारियों का काम भी प्रभावित होगा। ग्राहकों को आने में दिक्कत आएगी।