फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जम्मू-कश्मीर: शहरी सरकार के लिए भाजपा, कांग्रेस व थर्ड फ्रंट आमने-सामने, 15 को होगा चुनाव

Sun, 11 Nov 2018 04:02 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जम्मू
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर
विज्ञापन
जम्मू नगर निगम में मेयर और डिप्टी मेयर पद के चुनाव में भाजपा, कांग्रेस व निर्दलीय समर्थित थर्ड फ्रंट के प्रत्याशी आमने-सामने हैं। दो पदों के लिए कुल चार प्रत्याशियों ने शनिवार को पर्चा भरा। इससे पहले भाजपा तथा कांग्रेस की अलग-अलग हुई बैठक में प्रत्याशियों का चयन किया गया। 
विज्ञापन


दोनों पदों के लिए 15 नवंबर को चुनाव होगा। निगम की सचिव सुनैना शर्मा ने बताया कि अगले एक-दो दिन में नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया को संपन्न करके चुनाव के लिए बैलेट पेपर तैयार करवाए जाएंगे।

 भाजपा से वार्ड 33 शिव नगर से काउंसलर व पार्टी के प्रदेश कोषाध्यक्ष चंद्र मोहन गुप्ता ने मेयर और वार्ड 1 पंजतीर्थी की काउंसलर व भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्णिमा शर्मा (एडवोकेट) ने डिप्टी मेयर पद के लिए नामांकन किया। 
विज्ञापन


कांग्रेस से वार्ड 27 बख्शी नगर से काउंसलर चरणजीत कौर को डिप्टी मेयर और निर्दलीय खेमे ने जम्मू थर्ड फ्रंट का गठन कर वार्ड 42 से निर्दलीय काउंसलर विजय चौधरी को मेयर पद के लिए मैदान में उतारा है। संख्या बल की बात करें तो भाजपा के पास 43, निर्दलीय-18 और कांग्रेस के पास 14 मत हैं। 
Trending Videos

भाजपा के दोनों उम्मीदवारों के साथ नामांकन कराने के लिए जम्मू-पुंछ लोकसभा सांसद जुगल किशोर शर्मा, राज्यसभा सांसद शमशेर सिंह मन्हास, महासचिव डा. नरेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष युद्धवीर सेठी, पूर्व मंत्री सत शर्मा, प्रिया सेठी, विधायक राजेश गुप्ता, एमएलसी अशोक खजूरिया आदि पहुंचे हुए थे। 

इससे पूर्व भाजपा मुख्यालय में काउंसलरों की बैठक में भाजपा के जिला अध्यक्ष एवं वार्ड संख्या 56 से काउंसलर बलदेव सिंह बलोरिया ने मेयर पद के लिए चंद्र मोहन गुप्ता के नाम का प्रस्ताव रखा। 

इसी तरह प्रदेश उपाध्यक्ष एवं काउंसलर प्रमोद कपाही ने डिप्टी मेयर के लिए पूर्णिमा शर्मा के नाम का प्रस्ताव रखा। सभी काउंसलरों ने दोनों नामों पर सहमति जताई। निगम कार्यालय में नामांकन के बाद पार्टी नेताओं के साथ दोनों उम्मीदवारों ने जीत का निशान दिखाया।

दोपहर बाद कांग्रेस की उम्मीदवार चरणजीत कौर पार्टी नेताओं के साथ पहुंची। उनके साथ उनके पति पूर्व काउंसलर सुरेंद्र सिंह शिंगारी के अलावा पार्टी प्रवक्ता रवींद्र शर्मा, शहरी अध्यक्ष विक्रम मल्होत्रा पहुंचे थे।
विज्ञापन

इससे पहले कांग्रेस हेडक्वार्टर में लंबी बैठक में चरणजीत कौर के नाम पर सहमति बनाई गई। नामांकन के आखिरी समय में जम्मू थर्ड फ्रंट से विजय चौधरी अपने पति व पूर्व मेयर मनमोहन सिंह और अन्य निर्दलीय उम्मीदवारों के साथ पहुंचीं। 

उन्होंने नामांकन भरने के बाद कहा कि जम्मू थर्ड फ्रंट एक बड़े दल के रूप में उभरा है। जम्मू की एक बड़ी आबादी ने राष्ट्रीय स्तर के प्रमुख दलों को नकारा है। उनके समर्थकों ने जम्मू थर्ड फ्रंट के समर्थन में नारे लगाए।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें