संवाद न्यूज एजेंसी
मिश्रीवाला। भारतीय योग संस्थान गोल गुजराल में संस्थान का 59वां स्थापना दिवस रविवार को धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर सामूहिक साधना भी की गई, जिसमें बड़ी संख्या में साधकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सतीष शर्मा और विशिष्ट अतिथि खेल विभाग के संयुक्त निदेशक वेद प्रकाश शर्मा थे। इस मौके पर केंद्र प्रमुखों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। मंत्री ने योग के प्रचार और प्रसार के लिए भारतीय योग संस्थान के कार्यों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि भाग दौड़ भरी जिंदगी में हर आदमी तनाव ग्रस्त है और योग ही एकमात्र साधन है, जिससे शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बन सकता है। कार्यक्रम में प्रधान सत्यपाल ने संस्थान द्वारा किए जा रहे कार्यों के बारे में जानकारी दी। इस कार्यक्रम का संचालन प्रांतीय मंत्री जियालाल शर्मा ने किया।
सरकार संस्थान के सहयोग से विद्यार्थियों के लिए लगाएगी योग शिविर
मंत्री ने आश्वासन दिया कि सरकार भारतीय योग संस्थान के सहयोग से गर्मियों की छुट्टियों में विद्यार्थियों के लिए विशेष योग शिविरों का आयोजन करवाएगी l उन्होंने इस बात पर भी चिंता जताई की मौजूदा समय में विद्यार्थी नशे की ओर आकर्षित हो रहे हैं। इस लत से बचाने के लिए योग अहम भूमिका निभा सकता है।