जलशक्ति मंत्री ने लखनऊ में सीएम योगी से की मुलाकात
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। जम्मू-कश्मीर के जल शक्ति मंत्री जावेद राणा ने सोमवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान पहलगाम आतंकी हमले के बाद जम्मू-कश्मीर के लोगों की सुरक्षा को लेकर चर्चा की। सीएम योगी ने सुरक्षा का आश्वासन दिया।
राणा ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद देश के विभिन्न हिस्सों में जम्मू-कश्मीर के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कदम उठाने की आवश्यकता पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए विभिन्न स्तरों पर निर्देश जारी कर दिए हैं।
साथ ही अभद्र भाषा की घटनाओं को रोकने के लिए सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नजर रख जा रही है। राणा उन चार अन्य कैबिनेट मंत्रियों में शामिल थे, जिन्हें जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने प्रदेश के छात्रों की सुरक्षा के संबंध में राज्य सरकारों के साथ समन्वय के लिए विभिन्न राज्यों में भेजा है।