उपराज्यपाल से मुलाकात कर समस्याओं से करवाया अवगत
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। ऑल जेकेपीएससी प्लस टू लेक्चरर एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मुलाकात की। इस दौरान उन्हें स्कूल शिक्षा विभाग के प्लस टू लेक्चरर्स के सामने आ रही परेशानियों से अवगत कराया।
साथ ही बताया कि सीधे भर्ती हुए लेक्चरर एक ही पद पर 20-22 साल की सेवाएं दे रहे हैं। उन्हें पदोन्नति नहीं मिल रही है। बिना वित्तीय उन्नयन के लेक्चरर सेवानिवृत्त हो जाते हैं, क्योंकि गैर-कार्यात्मक उन्नयन (एनएफयू) या सुनिश्चित कैरियर प्रगति (एसीपी) योजना का कोई लाभ नहीं है।
सदस्यों ने उपराज्यपाल को बताया कि, लद्दाख ने हाल ही में लेक्चररों को एसीपी का लाभ दिया है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि लेक्चररों के इस वास्तविक मुद्दे पर उचित विचार किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ लेक्चरर संदीप गुप्ता विजय शर्मा, संजीव गुप्ता और अंजलि जम्वाल शामिल थीं।