हस्तशिल्प, हथकरघा निगम के बीओडी की बैठक में सलाहाकर व कर्मचारी
जम्मू-कश्मीर हस्तशिल्प और हथकरघा विकास निगम की निदेशक मंडल की संयुक्त बैठक में किया मंथन
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। उप राज्यपाल के सलाहकार राजीव राय भटनागर ने जम्मू-कश्मीर हस्तशिल्प और हथकरघा विकास निगम की निदेशक मंडल (बीओडी) की संयुक्त बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में हस्तशिल्प और हथकरघा की समृद्ध विरासत को बढ़ावा देने व संरक्षित करने में दोनों निगमों के प्रयासों का व्यापक मूल्यांकन किया। इसमें कटड़ा, गुलमर्ग सहित अन्य प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों पर नए शोरूम खोलने के लिए सभी हितधारकों के साथ समन्वय करने को कहा।
सलाहकार ने दोनों निगमों को राजस्व सृजन के लिए अपने उपलब्ध संसाधनों का उचित उपयोग करने को कहा। हस्तशिल्प, हथकरघा सहित अन्य हस्तनिर्मित पारंपरिक शिल्प वस्तुओं की बिक्री और विपणन रणनीतियां तैयार करने को कहा। श्रीमाता वैष्णो देवी कटड़ा, गुलमर्ग सहित अन्य प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों पर नए शोरूम खोलने के लिए हितधारकों के साथ समन्वय करने को कहा। सलाहकार ने ग्राहकों फीडबैक लेने को कहा, ताकि उसके अनुसार आवश्यक कदम उठाए जा सकें। सलाहकार ने पारंपरिक शिल्प के पुनरुद्धार व प्रचार के में निगमों के प्रयासों की सराहना की। बीओडी में आयुक्त सचिव, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग, विक्रमजीत सिंह, निदेशक हस्तशिल्प और हथकरघा कश्मीर, महमूद अहमद शाह, निदेशक हस्तशिल्प एवं हथकरघा जम्मू विकास गुप्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।