डाकघर में होगा स्थापित, सांसद और कारगिल भाजपा अध्यक्ष ने जताया आभार
हाजियों और अन्य यात्रियों को मिलेगी सहायता, काफी समय से उठ रही थी मांग
ब्यूरो/एजेंसी
जम्मू/लेह। केंद्र सरकार ने कारगिल जिले में पासपोर्ट सेवा केंद्र को मंजूरी दे दी है। इसे कारगिल के डाक घर में स्थापित किया जाएगा। इस संदर्भ में शुक्रवार को लद्दाख से सांसद जामयांग त्सेरिंग नामग्याल और कारगिल भाजपा अध्यक्ष मोहम्मद अली चंदन ने विदेश गृहराज्य मंत्री डॉ. मीनाक्षी लेखी से मुलाकात की और सेवा केंद्र की मंजूरी के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही इस संबंध में औपचारिक आदेश जल्द जारी करने की अपील की, ताकि कामकाज जल्द शुरू हो सके।
हाजियों और अन्य यात्रियों की सहायता के लिए कारगिल में एक पासपोर्ट सेवा केंद्र की मांग काफी पुरानी है, जिसे विभिन्न नेताओं द्वारा समय-समय पर उठाया जा रहा था। लद्दाख हज समिति के अध्यक्ष मोहम्मद अली मजाज ने भी लगातार इस मामले को उठाया है। सितंबर, 2023 में डॉ. लेखी की कारगिल यात्रा के दौरान स्थानीय बीजेपी नेताओं ने पासपोर्ट सेवा केंद्र बनाए जाने की मांग उठाई थी। वहीं, सांसद लद्दाख ने दिल्ली में इन प्रयासों को जारी रखा। विभिन्न क्षेत्रों में लगातार प्रयासों के बाद विदेश मंत्रालय ने कारगिल के डाकघर में पासपोर्ट सेवा केंद्र की स्थापना को हरी झंडी दे दी है। इस फैसले से कारगिल के लोगों, खासकर हज यात्रियों, जियारातियों और विदेशी आगंतुकों को काफी फायदा होने की उम्मीद है।