जम्मू। मानसून के आखिरी पड़ाव में जम्मू-कश्मीर के मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार 25 सितंबर तक जम्मू और कश्मीर संभाग के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। किश्तवाड़ जिले की ऊपरी पहाड़ी सिनथन टॉप पर पहली बर्फबारी हुई है।
बुधवार को जम्मू और आसपास इलाकों में सुबह हुई बारिश के बाद मौसम साफ रहा। रात को ठंड होने लगी है। जम्मू में 10.2 मिलीमीटर बारिश के साथ अधिकतम तापमान 32.4 और न्यूनतम 25.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेकिन दिन में आर्द्रता का प्रतिशत 73 रहने से उमस ने परेशान किया। बनिहाल में अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री, बटोत में 24.1, कटड़ा में 29.4 और भद्रवाह में 24.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कश्मीर के कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री ऊपर चल रहा है। श्रीनगर में अधिकतम पारा 29.3, पहलगाम में 23.6 और गुलमर्ग में 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।