कुलगाम जिले के मीर बाजार इलाके से श्रीनगर एयरपोर्ट पर एंटी हाइजैकिंग स्क्वॉड में तैनात डीएसपी देविंदर सिंह की हिजबुल कमांडर नवीद बाबू समेत दो आतंकियों के साथ पकड़े जाने के मामले में दूसरे दिन भी पूछताछ जारी रही। रविवार को घाटी में तैनात सुरक्षा एजेंसियां आईबी तथा रॉ के अधिकारियों ने भी पूछताछ की। डीएसपी समेत दोनों आतंकियों को शनिवार को पकड़ा गया था।
सुरक्षा एजेंसियां सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही हैं। गाड़ी मालिक की भी तलाश की जा रही है। इस बीच पूछताछ में आतंकियों से मिली जानकारी के आधार पर शोपियां में आतंकी ठिकाना ध्वस्त किया गया। यहां से हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए हैं।
आईजी कश्मीर विजय कुमार ने बताया कि यह एक जघन्य अपराध है। डीएसपी को आतंकी की तरह देखा जा रहा है और उससे सभी सुरक्षा एजेंसियां पूछताछ कर रही हैं। विदेशी राजनयिकों के दौरे के दौरान एयरपोर्ट पर तैनाती से सुरक्षा में सेंध संबंधी सवाल के जवाब में कहा कि अधिकारी के किसी भी आतंकी घटना में शामिल होने की अब तक सूचना नहीं है। ऐसे में उसे ड्यूटी करने से कैसे रोका जा सकता है।
संयुक्त पूछताछ और जांच में सब बातों का खुलासा हो जाएगा। संसद पर हमले में उसकी संलिप्तता के विषय में पुलिस रिकार्ड में कुछ नहीं है लेकिन उससे इस बारे में पूछताछ की जाएगी। डीएसपी कई आतंकवाद निरोधक अभियान में शामिल रहे हैं, लेकिन जिन परिस्थितियों में गिरफ्तारी हुई है जिसमें वह आतंकियों के साथ था और वाहन चला रहा था, एक जघन्य अपराध है।