सरोर टोल प्लाजा के विरोध में बिलावर से जम्मू और कठुआ की तरफ कोई भी बस नहीं चली जिससे इन जगहों पर जाने वाले मुसाफिर परेशान रहे। पिछले 4 दिनों से जम्मू की तरफ जाने वाली बसें बस स्टैंड बिलावर में खड़ी हैं। ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि इस महंगाई के दौर में डीजल की कीमतें आसमान छू रही हैं, बड़ी मुश्किल से गुजारा होता है लेकिन सरकार ने नया टोल लगाकर अन्याय किया है। उन्होंने टोल प्लाजा बंद करने की मांग करते हुए कहा कि हर दिन जम्मू आने जाने के लिए उनको 350 रुपए भरने पड़ेंगे जो सरासर गलत है।
यही हाल हीरानगर में रहा। हाईवे और संपर्क मार्गों पर सभी छोट-बड़े यात्री वाहनों की आवाजाही पूर्ण रूप से ठप रही। इससे लोग को काफी परेशान रहे। जिन्हें इस हड़ताल की सूचना समय पर मिल गई थी वह तो घरों से नहीं निकले। लेकिन जिन्हें इसके बारे में जानकारी नहीं थी वह सड़कों के किनारे दरबदर होते रहे। बाहरी राज्यों की बसों ने भी सवारियों को नहीं बैठाया।