जम्मू संभाग के जिला रामबन में सेना ने जिला प्रशासन, पर्यटन विभाग, जम्मू, जेकेटीडीसी और स्थानीय टूर ऑपरेटरों के संयुक्त सहयोग से विंटर कार्निवाल का आगाज किया। जिले की खारी तहसील के महू गांव में महू वैली, विंटर कार्निवाल और सांस्कृतिक महोत्सव 2023 का आयोजन किया गया।
कार्निवाल में कश्मीरी, गोजरी और फरी भाषाओं में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ किया गया। जम्मू संभाग में ऑफ बीट पर्यटन स्थलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पिछले साल महू में आयोजित शीतकालीन कार्निवाल की सफलता के बाद संयुक्त रूप से भव्य आयोजन किया गया है।
अधिकारी ने बताया कि जम्मू संभाग के कुछ हिस्सों को भी प्राचीन प्राकृतिक सुंदरता से नवाजा गया है, जिन्हें अभी खोजा जाना बाकी है। कार्निवाल में बेंगलुरू से लेकर चंडीगढ़ तक देश के कोने-कोने से पर्यटक उमड़े।
कार्निवाल ने स्थानीय उद्यमियों के लिए एक अवसर प्रदान किया जो पर्यटन और आतिथ्य उद्योग में प्रवेश कर रहे हैं। इस महोत्सव में समाज के सभी वर्गों की रुचि को आकर्षित करने वाले विभिन्न प्रकार के मनोरंजन कार्यक्रम शामिल रहे।
महू गांव के एक स्थानीय युवा तनवीर अहमद ने महू घाटी नाम से अपना पर्यटन युवा पोर्टल लॉन्च किया और इसके बैनर तले कार्यक्रम आयोजित किए। समारोह में वरिष्ठ सैन्य और नागरिक गणमान्य लोगों ने भाग लिया, जिन्होंने कार्यक्रम के आयोजकों की सराहना की और सेना और नागरिक प्रशासन के सहयोगात्मक प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया।
उन्होंने आगे कहा कि इस तरह के आयोजन पर्यटन और स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देने के अलावा गांव और इसके निवासियों के लिए आत्म-गर्व लाते हैं। बाद में मुख्य अतिथियों ने प्रतियोगिता के विजेताओं व सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वाले कलाकारों को सम्मानित किया।