MP Ghulam Ali Khatana Met PM Modi
- फोटो : सोशल मीडिया
राज्यसभा सांसद गुलाम अली खटाना ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। गुलाम अली खटाना ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी देते हुए बताया कि पीएम मोदी से मुलाकात कर उन्होंने जम्मू-कश्मीर से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की है।
जम्मू-कश्मीर के गुर्जर मुस्लिम समुदाय के नेता गुलाम अली ने बीते बुधवार को राज्यसभा सदस्य की शपथ ली थी। उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने उन्हें उच्च सदन के सदस्य के रूप में शपथ दिलाई। हाल ही में गुलाम अली को उच्च सदन के लिए मनोनीत किया गया है।
कौन हैं गुलाम अली खटाना
गुलाम अली खटाना ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। 2008 में इंजीनियरिंग करने के बाद से ही वह भारतीय जनता पार्टी के साथ जुड़ गए थे। भाजपा में शामिल होने के बाद उन्होंने पार्टी के कई अहम पदों पर जिम्मेदारी निभाई। वे भाजपा जम्मू कश्मीर के सचिव से लेकर वरिष्ठ उपाध्यक्ष तक रहे। 2014 लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने उन्हें जम्मू कश्मीर का स्टार प्रचारक बताया था। गुलाम अली मूल रूप से जम्मू कश्मीर के रामबन जिले से आते हैं। रामबन में 70 प्रतिशत आबादी मुस्लिमों की है और 30 प्रतिशत हिंदुओं की। अभी वह जम्मू के भठिंडी में रहते हैं।
भाजपा का बड़ा दाव
गुलाम अली खटाना गुर्जर मुसलमान हैं। इस जाति के ज्यादातर लोग जम्मू कश्मीर में भेड़ और बकरियां पालते हैं। गुर्जर की तरह ही बकरवाल मुसलमान भी होते हैं। इन दोनों ही जातियों में गुलाम अली खटाना की अच्छी पैठ है। 2011 की जनगणना के आधार पर गुर्जर और बकरवाल मुसलमान जम्मू कश्मीर की तीसरी सबसे बड़ी आबादी हैं।
जम्मू कश्मीर में नए परिसीमन से कई सीटों का जातीय गणित पूरी तरह से बदल गया है। जम्मू और कश्मीर दोनों ही क्षेत्रों में पड़ने वाली करीब 20 विधानसभा सीटों पर गुर्जर और बकरवाल समुदाय के वोटर्स का खासा प्रभाव है। भाजपा इन्हें अपने पाले में करना चाहती है। गुलाम अली को राज्यसभा भेजकर भाजपा को इस समुदाय में पैठ बनने की उम्मीद है।