सेना के सतर्क जवानों ने नौशेरा सेक्टर में आतंकी घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर भारी मात्रा में असलहा लेकर आए आतंकी को ढेर कर दिया। शुक्रवार देर रात कलाल क्षेत्र में यह आतंकी बारूदी सुरंग के रास्ते से घुसपैठ की फिराक में था। मारे गए आतंकी से एक एके-56 और तीन मैगजीन बरामद हुई हैं।
रक्षा प्रवक्ता के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11 बजे सीमा पर सेना के जवानों ने कुछ हलचल देखी। इस दौरान एक पाकिस्तानी घुसपैठिया भारतीय सीमा में घुसने की कोशिश कर रहा था। हरकत देखते ही जवानों ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं रुका, इस पर सेना के जवानों ने फायरिंग कर दी। इसमें घुसपैठिए को मार गिराया गया।
सेना ने शव को कब्जे में ले लिया। मौके पर पहुंची नौशेरा पुलिस ने सेना के साथ शव को उप जिला अस्पताल पहुंचाया। पोस्टमार्टम के उपरांत शव को दफना दिया गया। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी नौशेरा सेक्टर में पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर से आतंकियों की घुसपैठ कराने के कई प्रयास सेना ने नाकाम कर दिए हैं।