रेलवे ने कठुआ के लोगों को सुविधा देते हुए राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन (12425-12426) का कठुआ स्टेशन पर ठहराव अगले आदेश तक नियमित रखने का फैसला लिया है। कठुआ रेलवे स्टेशन पर अभी तक ट्रेन का अस्थायी ठहराव था। इससे यात्रियों को काफी लाभ मिलेगा। उन्हें राजधानी से सफर करने के लिए अब जम्मू नहीं आना पड़ेगा।
उधर, यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे होली स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। इस कड़ी में उत्तर रेलवे की तरफ से आनंद विहार टर्मिनल-पटना के बीच गति शक्ति एसी स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है। यह ट्रेन वाया कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज जंक्शन, पं. दीनदयाल उपाध्याय व दानापुर स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में रुकेगी।
वहीं पूर्व मध्य रेल ने पहले 18 जोड़ी स्पेशल ट्रेन और गुरुवार को 6 और नई स्पेशल ट्रेन चलाने का एलान किया है। ट्रेन संख्या 02250/02249 आनंद विहार-पटना के बीच चलेगी। इस ट्रेन के लिए आरक्षित टिकट लेने की सुविधा भी रेलवे ने शुरू कर दी है।
ट्रेन संख्या 02250 आनंद विहार टर्मिनल-पटना गति शक्ति एसी सुपरफास्ट चार मार्च को रात के 11:15 बजे पटना के लिए चलेगी और अगले दिन शाम 4:40 बजे पटना पहुंचेगी।
वापसी दिशा में ट्रेन संख्या 02249 पटना-आनंद विहार टर्मिनल गति पांच मार्च को पटना से शाम 6:45 बजे चलेगी और अगले दिन पूर्वाह्न 11:45 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। वातानुकूलित 3 टीयर श्रेणी के डिब्बों वाली यह ट्रेन होगी।