जम्मू। प्रदेश कांग्रेस आगामी 18 फरवरी से जय बापू जय भीम जय संविधान अभियान शुरू करेगी। पार्टी जिला और निर्वाचन क्षेत्र स्तर पर पार्टी संरचना का पुनर्गठन और पुन सक्रियीकरण करेगी। अध्यक्ष तारिक हामिद कर्रा ने रविवार को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से इसे लेकर बैठक की। बैठक में वर्तमान राजनीतिक स्थिति और लोगों के सामने आने वाले महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। विशेष रूप से जम्मू क्षेत्र में संगठनात्मक मामलों की।
बैठक में राज्य का दर्जा बहाल करना, दरबार मूव, बेरोजगारी, फास्ट ट्रैक भर्तियां, बिजली शुल्क माफी, भारी कराधान-टोल टैक्स, खनन क्षेत्र, जम्मू-पुंछ रेलवे लाइन, 73वें और 74वें संशोधन के छूटे हुए प्रावधानों का क्रियान्वयन, किसानों के मुद्दे, महिला सशक्तीकरण, आरक्षण, पाक शरणार्थियों के मुद्दे, कश्मीरी विस्थापित, संपत्ति कर और विभिन्न वर्गों के लोगों के कई अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में संगठनात्मक मुद्दों और तथ्य खोज समिति द्वारा अनुशंसित जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए आवश्यक उपायों पर भी चर्चा की गई। संगठनात्मक ढांचे के पुनर्गठन के लिए विभिन्न सिफारिशों को सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया। इसमें बड़े जिलों में जिला इकाइयों का विभाजन और निर्माण, प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र में ब्लॉक इकाइयों के अलावा विधानसभा इकाइयों का गठन, संगठन में पर्याप्त पार्टी टिकट, पीसीसी से विधानसभा प्रभारी की नियुक्ति के अलावा वरिष्ठ नेतृत्व द्वारा जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाने पर जोर दिया गया।
ये भी जानकारी दी गई कि राष्ट्रव्यापी अभियान जय बापू जय भीम जय संविधान के तहत 18 जनवरी 2025 को सुबह 11:30 बजे शांतिपूर्ण पदयात्रा निकाली जाएगी। जो सतवारी के गांधी चौक से शुरू होकर आंबेडकर चौक पर संपन्न होगी। पूर्व उपमुख्यमंत्री तारा चंद, कार्यकारी अध्यक्ष रमण भल्ला समेत कई नेता इस मौके पर मौजूद रहे।