राजोरी में असॉल्ट राइफल सहित हथियार और गोला बारूद बरामद
- फोटो : अमर उजाला
जम्मू-कश्मीर की राजोरी जिला पुलिस ने चटियारी वन क्षेत्र में आतंकवादियों के एक बड़े ठिकाने को बुधवार को ध्वस्त किया। पुलिस को यहां से आटोमेटिक असॉल्ट राइफल सहित बड़ी मात्रा में हथियार और गोला बारूद बरामद हुआ है। एसएसपी के अनुसार प्राथमिक जांच से ऐसा प्रतीत होता है कि आतंकवादियों ने बरामद हथियारों और गोला-बारूद को बड़े आतंकवादी हमलों को अंजाम देने के उद्देश्य से जमा किया था, लेकिन पुलिस ने उनके नापाक इरादे ध्वस्त कर दिए।
एसएसपी युगल मन्हास ने बताया कि चटियारी वन क्षेत्र में एक आतंकवादी ठिकाने की मौजूदगी के बारे में विशेष सूचना के आधार पर मंगलवार देर शाम ऑपरेशन शुरू किया गया। डीएसपी ऑपरेशन प्रणव महाजन और डीएसपी हेडक्वार्टर गोविंद रतन के नेतृत्व में पुलिस चौकी प्रभारी चिंगस ने एएसपी लियाकत अली की देखरेख में पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया।
एसएसपी ने कहा कि ऑपरेशन पूरे दिन जारी रहा और कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने एक आतंकवादी ठिकाने का पता लगाया, जिसे ध्वस्त कर वहां से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया। पुलिस स्टेशन राजोरी में कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच की जा रही है।
ये हुआ बरामद...
1 एके 56 राइफल, 3 एके 47 राइफल, 11 पिस्टल (2 संशोधित पिस्टल), एके राइफल की 8 मैगजीन, 21 पिस्टल मैगजीन, 2 संशोधित पिस्टल मैगजीन, 606 एके राउंड और 36 पिस्टल राउंड।