जम्मू। बुढ़ापा, दिव्यांगजन समेत अन्य जरूरतमंद तबकों से लोगों को अब समाज कल्याण विभाग की पेंशन के लिए दफ्तर के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। बांदीपोरा में कार्यालय परिसर में कतार में अपनी बारी का इंतजार करते समय बुजुर्ग की मौत से समाज कल्याण विभाग ने सबक लिया है। खास हिदायतें जारी कर अब सभी तरह के पेंशन मामलों में ऑनलाइन आवेदन की व्यवस्था लागू कर दी गई है। आवेदन में कोई परेशानी आने पर समाज कल्याण वर्कर की मदद ली जा सकती है।
विभाग की ओर से लिखित में निर्देश जारी कर जनसुगम पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन की व्यवस्था तत्काल लागू कर दी गई है। हालांकि यह प्रावधान सितंबर 2022 को जारी आदेश में शामिल थे। यह कदम कश्मीर घाटी में बांदीपोरा के मालनगाम निवासी 62 वर्षीय सोना उल्ला भट की चार दिन पहले मौत के बाद उठाया गया है। 20 दिसंबर को भट अपनी पेंशन के दस्तावेजों का सत्यापन कराने लाइन में धक्के खा रहे थे। इसी दौरान उनकी मौत हो गई थी। समाज कल्याण विभाग में बुढ़ापा समेत अन्य पेंशन के आवेदन और दस्तावेजों के सत्यापन के लिए बेसहारा लोगों को दफ्तर के कई चक्कर काटने पड़ते हैं। अमूमन उन्हें कतारों में खड़ा होना पड़ता है। समाज कल्याण विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि शनिवार को लिखित में हिदायतें जारी की गई हैं। जम्मू-कश्मीर सामाजिक सुरक्षा नियम 2022 के तहत आठ सितंबर 2022 को आदेश जारी किया गया था। इसमें jansugam.jk.gov.in पोर्टल पर प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, दिव्यांगता प्रमाण पत्र समेत अन्य दस्तावेज अपलोड कर बुढ़ावा समेत अन्य पेंशन के लिए आवेदन किया जा सकता है। ताजा निर्देश में सभी आवेदन अब ऑनलाइन ही कराने की व्यवस्था की गई है। इसमें विभागीय अमले की मदद ली जा सकेगी।