पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर (पीओजेके) में विधानसभा चुनाव के परिणाम के बाद हिंसक प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। स्थानीय लोग पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान के खिलाफ सड़कों पर उतर आए हैं। पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर की नीलम घाटी के शारदा क्षेत्र में लोगों और पाकिस्तानी सेना के बीच झड़प भी हुई। सेना की गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई है। प्रदर्शनकारियों ने खून का बदला खून के नारे लगाए।
सीमा पार से आ रही खबरों के अनुसार, पाकिस्तानी सेना ने हाल ही में पीओके में विस चुनाव संपन्न कराए हैं, जिनमें प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) 25 सीटें हासिल क र सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।
सूत्रों के अनुसार प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया है कि विस चुनावों में पाकिस्तानी सरकार सेना के सहयोग से मतदान के लिए पाकिस्तान से लोगों की गाड़ियां भर कर लाई थी। उन्होंने यहां मतदान किया और इमरान खान की पार्टी को जीत दिलाई।
उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों ने हमेशा की तरह स्थानीय नेताओं को ही वोट दिए हैं। इसलिए, यह हजम कर पाना नामुमकिन है कि चुनाव में इमरान खान को जीत मिली। प्रदर्शन के दौरान लोग नारेबाजी कर रहे हैं कि पाकिस्तान से लेंगे आजादी, फौज से लेंगे आजादी, फौजी हिंसा से लेंगे आजादी और लड़ कर लेंगे आजादी।