टेरर फंडिंग मामले में राज्य एजेंसी (एसआईए) ने एलओसी के सीमावर्ती मेंढर के डराना और मंडी तहसील के गांव गगड़ियां में सेना के पोर्टर समेत दो लोगों के घरों में छापा मारा। जांच के दौरान दोनों लोगों के बैंक खातों से जुड़े कई दस्तावेज, आधार कार्ड, मोबाइल एवं सिमकार्ड आदि जब्त कर लिए।
बुधवार सुबह एसआईए की दो टीमें डीएसपी रैंक के अधिकारी की अगुवाई में पुंछ में पहुंची। एक टीम मेंढर थाने और वहां से स्थानीय पुलिस को लेकर नियंत्रण रेखा के निकटवर्ती गांव डराना में इमरान अहमद के घर पहुंची। टीम ने घर खंगालने के साथ सभी बैंक दस्तावेज और अन्य कागजात जब्त कर लिए। वहीं दूसरी टीम मंडी पुलिस थाने पहुंची।
वहां से स्थानीय पुलिस को लेकर नियंत्रण रेखा के गांव गगड़ियां निवासी सेना के पोर्टर गुलाम रसूल के घर पहुंची। घर को खंगालने के साथ ही मोबाइल, सिम कार्ड, बैंक दस्तावेज जब्त कर लिए। सूत्रों के अनुसार एसआईए की यह कार्रवाई आउंटर इंटेलीजेंस पुलिस स्टेशन श्रीनगर में दर्ज एफआईआर के तहत की गई है।