दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले में बुधवार को पुलिस अभिरक्षा में पुलवामा डिग्री कॉलेज में स्नातक की परीक्षा देने पहुंचे आतंकी मददगार सुहैल वागे की रिहाई की मांग करते हुए भीड़ ने पथराव कर दिया। इस दौरान थोड़े समय के लिए वहां अफरातफरी मच गई।
परंतु सतर्क पुलिस वालों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए भीड़ को आंसू गैस के गोले दागकर खदेड़ दिया। हालांकि इस दौरान ओजीडब्ल्यू ने आराम से परीक्षा दी। परीक्षा खत्म होने के बाद उसे वापस सेंट्रल जेल भेज दिया गया। पुलिस ने पथराव करने वाले तीन छात्रों को गिरफ्तार किया है। शिक्षकों की पिटाई से एक छात्र भी जख्मी हुआ है।
बताया जाता है कि पुलिस ने वर्ष 2018 में पुलवामा के सिरनू निवासी सुहैल अहमद वागे को आतंकियों के मददगार के रूप में गिरफ्तार किया था। उसका मामला अदालत में चल रहा है। अदालत के आदेश पर पुलिस बुधवार को उसे परीक्षा दिलाने के लिए पुलवामा डिग्री कॉलेज लेकर आई थी। वह परीक्षा हाल में चला गया। इसी बीच स्थानीय लोगों को इसकी खबर लग गई और कॉलेज के आसपास भीड़ जुटने लगी। थोड़ी ही देर में भीड़ ने पुलिस वालों को निशाना बनाकर पथराव शुरू कर दिया।
पुलिस ने पहले तो भीड़ को चेतावनी दी परंतु हालात गंभीर होते देख बल प्रयोग शुरू कर भीड़ को वहां से खदेड़ दिया। इस दौरान परीक्षा चलती रही। पत्थरबाज युवक को रिहा करने की मांग कर रहे थे। गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज के प्रिंसिपल ने बताया कि पुलिस ने कॉलेज के अंदर प्रवेश नहीं किया।