श्रीनगर। नेशनल कांफ्रेंस के सांसद आगा सैयद रूहुल्ला मेहदी ने गांदरबल ज़िले में चल रही विकास परियोजनाओं की स्थिति की समीक्षा की। सोमवार को वह जिले के दौरे पर पहुंचे। अपने दौरे के दौरान सांसद ने कार्यों के समय पर निष्पादन, स्थानीय बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और समावेशी विकास सुनिश्चित करने के महत्व पर जोर दिया, ताकि आबादी के सभी वर्गों को लाभ हो।
जिला अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए रूहुल्ला ने सड़क संपर्क, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, जल आपूर्ति और ग्रामीण विद्युतीकरण सहित प्रमुख क्षेत्रों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से देरी से परहेज़ करने और लोगों की विकास संबंधी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए पारदर्शी, परिणाम-उन्मुख दृष्टिकोण अपनाने का आग्रह किया। रूहुल्ला ने कहा, विकास लोगों पर केंद्रित और समयबद्ध होना चाहिए। गांदरबल में अपार संभावनाएं हैं और हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि हर परियोजना लोगों के जीवन में ठोस सुधार लाए। उन्होंने प्रगति को ट्रैक करने और बाधाओं को तेजी से दूर करने के लिए उन्नत निगरानी तंत्र का आह्वान किया।
इस बीच ईरान-इस्राइल संघर्ष पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, यह कोई राज़ नहीं है। इस्राइल की हिम्मत नहीं हो सकती जब तक उसको हथियारों और वित्तीय समर्थन के साथ साथ अमरीका से राजनीतिक समर्थन न हो। इस्राइल की हैसियत ही नहीं कि वो जंग लड़ सके। ईरान केवल इस्राइल से ही नहीं लड़ रहा बल्कि पश्चिमी ताकतों के खिलाफ लड़ रहा है। उम्मीद है कि यह दहशतगर्दी ख़त्म हो और वहां अमन आ जाए।
ईरान में फंसे छात्रों को निकालने के प्रयास जारी
ईरान में फंसे भारतीय छात्रों पर रूहुल्लाह ने कहा कि उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए भारत सरकार के साथ समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं। हम संबंधित मंत्रालयों के साथ लगातार संपर्क में हैं। एक बार हवाई क्षेत्र फिर से खुलने के बाद निकासी को प्राथमिकता दी जाएगी।