उधमपुर। ब्लॉक नरसू में पड़ते गुजेड़ चिल्ड़ी से नमोन तक पीएमजीएसवाई विभाग की ओर से 17 करोड़ 34 लाख रुपये की लागत से 7 किलोमीटर सड़क का निर्माण करवाया जाएगा। इसके लिए विभाग की ओर से टेंडर प्रक्रिया जारी है। हालांकि इस सड़क के बनने से तकरीबन 3 हजार की आबादी को लाभ होने के साथ ही कई क्षेत्रों के लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा।
हालांकि गुजेड़ से चिल्ड़ी तक सड़क बनी हुई है, लेकिन विभाग की ओर से नामोन तक सड़क बनाने को लेकर सर्वे का काम पूरा करने के बाद डीपीआर बनाकर सरकार को भेजी गई थी। इसके चलते मंजूरी मिलते ही विभाग की ओर से टेंडर प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया है।
इस संदर्भ में डीडीसी नरसू सुभाष चंद्र का कहना था कि इस सड़क को बनाने की मांग वह पिछले काफी लंबे समय से करते आ रहे थे। अब जाकर इस सड़क को मंजूरी मिली है। उन्होंने कहा कि इस सड़क के बनने से 3 हजार की आबादी को लाभ मिलने के साथ ही कई क्षेत्रों का लिंक भी जुड़ेगा। वहीं क्षेत्र में सड़क बनने की मंजूरी मिलने से स्थानीय लोगों में खुशी की लहर है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों को सड़क न होने से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इसके चलते क्षेत्र के स्थानीय लोगों के साथ साथ उधमपुर में जाकर पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को रोजाना 7 किलोमीटर का पैदल सफर तय करना पड़ रहा था। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क बनने के बाद कई विकास कार्य भी करवाए जाएंगे।
कोट
विभाग की ओर से सड़क का निर्माण कार्य शुरू कराने को लेकर टेंडर प्रक्रिया जारी है। जैसे ही टेंडर प्रक्रिया पूरी होती है वैसे ही सड़क का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।
-अंकुश गुप्ता, जेई, पीएमजीएसवाई विभाग।