चिनैनी। जम्मू संभाग के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पटनीटॉप में विधायक बलवंत सिंह मनकोटिया की तरफ से जनता दरबार का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, पूर्व पंचायत प्रतिनिधि, होटल एसोसिएशन के सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हुए। जनता दरबार के दौरान जनता ने अपनी-अपनी समस्याएं रखीं, जिनमें मुख्य रूप से सड़क, पानी और बिजली से जुड़ी समस्याएं सामने आईं।
विधायक मनकोटिया ने सभी लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों और होटल कारोबारियों ने विधायक मनकोटिया का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह पहली बार है जब किसी विधायक ने पटनीटॉप में जनता दरबार लगाया है, जिससे जनता को अपनी समस्याएं सीधे रखने का अवसर मिला। इस मौके पर विधायक बलवंत सिंह मनकोटिया ने कहा कि पटनीटॉप जम्मू संभाग का प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है और हमारी प्राथमिकता यहां की पर्यटन सुविधाओं को बेहतर बनाकर अधिक से अधिक पर्यटकों को आकर्षित करना है। उन्होंने कहा कि “पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सड़क संपर्क और मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करना बेहद आवश्यक है। हमारा लक्ष्य पटनीटॉप को सालभर पर्यटन गतिविधियों से जीवंत बनाए रखना है। मनकोटिया ने यह भी बताया कि आने वाले दिनों में पटनीटॉप में विभिन्न सांस्कृतिक व पर्यटन उत्सवों का आयोजन करने की योजना है, जिसमें विभिन्न राज्यों की संस्कृति को प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि स्थानीय पर्यटन के साथ-साथ बाहरी राज्यों के पर्यटक भी यहां आकर्षित हों। इस अवसर पर सीईओ पीडीए, एसडीएम चिनैनी, एसडीपीओ चिनैनी, सीडीपीओ, वन विभाग, जल शक्ति विभाग एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।