श्रीनगर। सोशल मीडिया पर शुक्रवार को एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी द्वारा नियमित ड्यूटी के दौरान एक नागरिक को थप्पड़ मारने के वायरल हुए वीडियो की जांच के आदेश एसएसपी ट्रैफिक ने जारी कर दिए।
श्रीनगर के एसएसपी ट्रैफिक सिटी एजाज अहमद ने इस घटनाक्रम की पुष्टि की और कहा कि वीडियो ऑनलाइन आते ही तुरंत इस घटना पर ध्यान दिया गया। उन्होंने कहा, ‘हमने वीडियो को गंभीरता से लिया है और तथ्य-खोजी जांच के आदेश दे दिए गए हैं। निष्कर्षों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।’
इस वीडियो पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं आईं जिसमें पुलिसकर्मी एक स्थानीय से बहस करते हुए दिखाई दे रहा है और फिर कथित तौर पर उसे सबके सामने थप्पड़ मार देता है। इस घटना ने सोशल मीडिया पर व्यापक बहस छेड़ दी है जहां कई लोगों ने कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है। वहीं कुछ ने उन परिस्थितियों की पुष्टि करने पर ज़ोर दिया है जिनके कारण यह टकराव हुआ।
अधिकारियों ने कहा कि ट्रैफिक पुलिस से शहर के यातायात प्रबंधन में आचरण के उच्चतम मानकों का पालन करने की अपेक्षा की जाती है। एसएसपी एजाज अहमद ने कहा, ‘अनुशासन का कोई भी उल्लंघन या दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हम पारदर्शिता और जवाबदेही के लिए प्रतिबद्ध हैं। जांच जल्द ही पूरी होने की उम्मीद है जिसके बाद विभागीय नियमों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।’ इस बीच पुलिस ने जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है और आश्वासन दिया है कि निष्पक्ष न्याय होगा।