श्रीनगर। सर्दियों के मौसम में कश्मीर आने वाले पर्यटकों की सहायता के लिए पर्यटन विभाग ने नोडल अधिकारी नियुक्त किए हैं। साथ ही आपात स्थितियों से निपटने के लिए श्रीनगर के टूरिस्ट रिसेप्शन सेंटर (टीआरसी) में एक नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है।
जानकारी के अनुसार मलिक वसीम को दक्षिण कश्मीर के लिए, नासिर महमूद खान और आसिफ इकबाल को उत्तर और मध्य कश्मीर के लिए नियुक्त किया गया है। नोडल अधिकारी उप निदेशक पर्यटन, प्रवर्तन (एसएसपी) डॉ. एसडी चौधरी की देखरेख में काम करेंगे। एक अधिकारी ने कहा, नोडल अधिकारी मुद्दों के समय पर समाधान के लिए संबंधित रिसॉर्ट अधिकारियों और संबंधित जिला प्रशासन/विभागों के साथ निकटता से संपर्क करेंगे। गुलमर्ग, पहलगाम, कोकरनाग, सोनमर्ग और दूधपथरी सहित पांच स्थानों के लिए रिसॉर्ट अधिकारियों और पर्यटक पुलिस का उल्लेख किया गया है। इस बीच, पर्यटकों को निर्बाध सहायता प्रदान करने और सर्दियों के दौरान आपात स्थितियों से निपटने के लिए श्रीनगर के टूरिस्ट रिसेप्शन सेंटर (टीआरसी) में एक नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है।