बांदीपोरा। जिले के हरतनाग इलाके में शनिवार रात जंगली जानवर ने बाड़े में हमला कर कम से कम 30 भेड़ों को मार डाला। बाड़ा स्थानीय निवासी हबीबुल्लाह राथर का है। लोगों ने प्रशासन से राथर को वित्तीय सहायता देने की मांग की है। स्थानीय लोगों के अनुसार हमला शुक्रवार रात को हुआ। पीड़ित ने बताया कि जब वह सुबह मवेशी बाड़े में पहुंचा तो 30 भेड़ें मरी हुई मिलीं। इलाके के अन्य निवासियों ने भी अपने पशुओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है और अधिकारियों से प्रभावित परिवारों को राहत देने की अपील की है। पीड़ित के पास आय का कोई अन्य स्रोत नहीं है।
वन्यजीव विभाग के अधिकारियों ने घटना की पुष्टि की और कहा कि नुकसान का आकलन करने और जंगली जानवरों को नियंत्रित करने के उपाय करने के लिए एक टीम मौके पर भेजी गई है। स्थानीय लोगों ने मांग की कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्षेत्र में जंगली जानवरों की मौजूदगी के संबंध में प्रभावी रणनीति अपनाई जाए।