श्रीनगर के टेंगपोरा इलाके में सोमवार दोपहर को थार और टिपर की बीच हुई टक्कर में दो छात्रों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार यह हादसा दोपहर के समय हुआ। मृतकों की पहचान लाल बाजार निवासी हम्माद और सनत नगर निवासी अजीम के रूप में की गई है, जबकि घायल छात्र की पहचान नौशेरा निवासी मोहम्मद ईसा गनी के रूप में हुई है। सभी तीनों छात्र एक स्थानीय स्कूल के 10वीं कक्षा के छात्र थे और स्कूल से घर लौट रहे थे।
घटना के समय थार जीप में सवार ये छात्र तेजी से चल रहे थे, जब उनकी गाड़ी टिपर से जा टकराई। सोशल मीडिया पर इस हादसे की एक सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हो रही है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि तेज रफ्तार थार जीप सीधे टिपर से टकराती है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए केस दर्ज कर लिया है और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। घायल छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।