श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर सरकार ने शनिवार को गुरेज़ में पर्यटकों या किसी भी आगंतुक के रात्रि प्रवास के लिए अस्थायी तंबू लगाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। एसडीएम गुरेज ने इस संबंधी आदेश जारी किए हैं। लिखा है कि 28 मई को पर्यटकों/आगंतुकों को रात में ठहरने के लिए अस्थायी टेंट लगाने की अनुमति दी थी, बशर्ते कि वे गंदगी नहीं फैलाएंगे और जगह को साफ-सुथरा रखेंगे। हालांकि, यह देखा गया है कि पर्यटक/आगंतुक रात भर टेंट लगाकर कैंपिंग साइट पर कूड़ा-कचरा छोड़ देते हैं, जिससे इस उप-मंडल के पर्यावरण पर असर पड़ता है और बीमारी फैलने का खतरा है।
आदेश में लिखा है, पारिस्थितिकी तंत्र और पर्यावरण के लिए बढ़ते खतरे के कारण इन संवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए तत्काल उपायों को लागू करना जरूरी हो गया है। ऐसे में यह आदेश दिया जाता है कि पर्यटकों और आगंतुकों के लिए 15 जुलाई से अस्थायी टेंट की स्थापना पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। हालांकि, स्थानीय लोगों द्वारा पर्यटकों को किराए पर दिए गए तंबू इस शर्त पर जारी रहेंगे कि वे साइट को साफ-सुथरा रखेंगे और कचरे के संग्रह के लिए ग्रामीण स्वच्छता विभाग को स्वच्छता शुल्क का भुगतान करेंगे।