श्रीनगर/जम्मू। मौसम के बदले मिजाज में मंगलवार को कश्मीर के कुछ पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी हुई है। बर्फबारी के बाद सर्दी में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। जम्मू और कश्मीर के अधिकांश जिलों में रात का पारा सामान्य से 5 से 8 डिग्री तक ऊपर चल रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार आगामी 8 नवंबर तक प्रदेश में लगभग मौसम साफ रहेगा। हालांकि बुधवार को कुछ पर्वतीय हिस्सों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले के गुरेज और श्रीनगर-लेह राजमार्ग पर मिनीमर्ग इलाकों में मंगलवार की सुबह हल्की बर्फबारी हुई। कुछ अन्य इलाकों में भी बर्फबारी की सूचना है। इस बीच प्रदेश में लगभग मौसम साफ रहा। जम्मू में अधिकतम तापमान 30.5 और न्यूनतम 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी तरह बनिहाल में अधिकतम पारा 22.7, बटोत में 24.9, कटड़ा में 27.6 और भद्रवाह में 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्रीनगर में दिन का पारा 19.2 और न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पहलगाम में न्यूनतम तापमान 7.4 और गुलमर्ग में 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेह में न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।