श्रीनगर। लोकसभा सांसद शेख अब्दुल रशीद (इंजी. रशीद) ने सोमवार को आरोप लगाया कि नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला और पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के प्रमुख सज्जाद गनी लोन ने उनकी अवामी इत्तेहाद पार्टी (एआईपी) के उम्मीदवारों को हराने के लिए एक साथ मिलकर काम किया है।
उन्होंने कहा, कुछ ही दिन पहले उमर साहब सज्जाद लोन और अल्ताफ बुखारी की अपनी पार्टी समेत सभी को भाजपा की बी टीम बता रहे थे। मेरे पास इस बात के पुख्ता सबूत हैं कि उमर अब्दुल्ला और सज्जाद लोन ने उत्तरी कश्मीर और अन्य जगहों पर इंजीनियर रशीद को हराने के लिए एक साथ मिलकर काम किया है। क्या अब उमर अब्दुल्ला हमें बता सकते हैं कि भाजपा की बी टीम कौन सी है।
रशीद ने यह भी दावा किया कि नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेताओं के खिलाफ भाजपा नेता तरुण चुघ के दावों पर फारूक अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली पार्टी की चुप्पी ने विश्वसनीयता प्रदान की। उन्होंने कहा, तरुण चुघ ने फारूक अब्दुल्ला से खुले तौर पर कहा कि यदि वे यह बता दें कि भाजपा नेताओं से कौन गुप्त रूप से मिलता है, तो कई लोगों का राजनीतिक करियर खत्म हो जाएगा। उन्होंने (नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेताओं ने) इस बारे में कुछ क्यों नहीं कहा।
रशीद ने उमर अब्दुल्ला से यह भी पूछा कि उन्होंने उस पार्टी के नेता से समर्थन क्यों स्वीकार किया, जिसे उन्होंने भाजपा की बी टीम के रूप में बदनाम किया था। उन्होंने कहा, अपनी पार्टी के मुंतज़िर मोहिउद्दीन ने बडगाम में उमर अब्दुल्ला को समर्थन दिया। उमर अब्दुल्ला के अनुसार, वही अपनी पार्टी भाजपा की बी टीम थी। उन्होंने समर्थन कैसे स्वीकार कर लिया।