श्रीनगर। कश्मीर घाटी में भीषण गर्मी के बीच स्थानीय निवासी राहत पाने के लिए सोनमर्ग का रुख कर रहे हैं, जिससे इस पर्यटन स्थल पर आगंतुकों की संख्या में अचानक वृद्धि हुई है। गांदरबल जिले में स्थित सोनमर्ग में हाल के दिनों में स्थानीय पर्यटकों की भारी भीड़ देखी गई है। लोग श्रीनगर समेत मैदानी इलाकों में चल रही लू से बचने के लिए यहां पहुंच रहे हैं।
श्रीनगर में तापमान के 30 डिग्री सेल्सियस पार होते ही परिवार, युवा समूह और स्कूली बच्चे सोनमर्ग व अन्य ठंडे स्थानों की ओर रुख कर रहे हैं। सिंध नदी के किनारे लोग टेंट लगाकर, नदी में डुबकी लगाते और ठंडी हवा का आनंद लेते नज़र आए। श्रीनगर से आए पर्यटक सरबजीत सिंह ने बताया, शहर का मौसम असहनीय हो गया था। बच्चों और दोस्तों के साथ यहां के सुहावने मौसम में एक दिन बिताने आए हैं। पानी और हवा ने राहत दी।
पर्यटकों की इस आमद ने स्थानीय छोटे विक्रेताओं के कारोबार में भी अस्थायी उछाल ला दिया है। दुकानदार मोहम्मद रमज़ान ने कहा, पहलगाम हमले के बाद मंदी थी, लेकिन अब श्रीनगर और आसपास से लोगों का आना बढ़ा है। व्यवसाय में सुधार से हमें राहत मिली है।
हालांकि, अधिकारियों और स्थानीय निवासियों ने आगंतुकों से क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता बनाए रखने का आग्रह किया है। उनका अनुरोध है कि लोग स्वच्छता का ध्यान रखें और कचरा न फैलाएं। मौसम विभाग के अनुसार गर्मी जारी रहने की संभावना है, ऐसे में सोनमर्ग चिलचिलाती गर्मी से बचने का प्रमुख ठिकाना बना हुआ है।