श्रीनगर में सडकों पर भरा बारिश का पानी।
- फोटो : shrinagar news
श्रीनगर। जिले में वीरवार सुबह हल्की बारिश हुई। पहले से ही उफनाई झेलम और बारिश का पानी श्रीनगर के निचले क्षेत्राें में जमा हो गया। सड़कों पर भी जलभराव हुआ। वाहन चालक और राहगीर सोनवार से लेकर पांदरेठन तक जलभराव से जूझते रहे।
बुधवार को झेलम का जलस्तर बढ़ा तो रात में राजबाग, महाराजा बाजार और वीरवार सुबह बारिश के बाद सोनवार और पांदरेठन के निचले इलाकों में पानी भर गया। लोगों को इससे काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। हब्बकदल के वाहन चालक शब्बीर अहमद ने बताया कि पानी में जाने से उनकी स्कूटी बंद हो गई, खींचकर ले जाना पड़ा।
राहगीर सोनवार निवासी अहमद हुसैन ने बताया कि सड़क पर पानी भरा था। वह फुटपाथ पर चढ़कर निकल रहे थे, आने-जाने वाले वाहनों की वजह से पानी से उनके कपड़े और हाथ में खाने-पीने का सामान खराब हो गया।