जोजिला पर वीरवार को ताजा बर्फबारी के बाद एक बार फिर से श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग बंद कर दिया गया। जोजिला पर करीब एक फीट से अधिक ताजा बर्फबारी हुई। इस बार जोजिला को बीआरओ के जवानों ने रिकॉर्ड 110 दिनों के भीतर खोला था।
बीआरओ के एक अधिकारी ने बताया कि बुधवार को श्रीनगर से कारगिल की ओर कुछ जरूरी सामन से लदी गाड़ियां भेजने के बाद वीरवार को कारगिल से श्रीनगर की ओर ट्रैफिक छोड़ा गया था और दोपहर करीब एक बजे तक 71 गाड़ियां जोजिला को क्रॉस कर पाईं।
उन्होंने बताया कि इस दौरान मौसम ज्यादा बिगड़ने और जोजिला पास पर बर्फ जमा होने के चलते इसे एक बार फिर बंद कर दिया गया। अधिकारी ने बताया कि क्लीयरेंस का कार्य लगातार जारी है और कोशिश है कि इसे जल्द से जल्द खोला जाए।