बस स्टैंड से शिव मंदिर परिसर तक की सफाई करते हुए पुलिस के कर्मचारी।
- फोटो : purmandal news
पुरमंडल। पुरमंडल में स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जम्मू-कश्मीर पुलिस की तरफ से एक विशेष सफाई अभियान चलाया गया। यह अभियान बस स्टैंड पुरमंडल से लेकर ऐतिहासिक शिव मंदिर परिसर तक चलाया गया। इसमें थाना प्रभारी पुरमंडल के नेतृत्व में पुलिस कर्मियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने पूरे मार्ग की सफाई करते हुए लोगों को स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण ही अच्छे स्वास्थ्य की कुंजी है और समाज के प्रत्येक व्यक्ति का यह कर्तव्य है कि वह अपने आसपास सफाई बनाए रखने में सहयोग करे।
सफाई अभियान में क्षेत्र के ग्रामीण सुरक्षा समिति सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने मिलकर बस स्टैंड से लेकर शिव मंदिर परिसर तक कूड़ा-कचरा साफ किया और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ बनाने में योगदान दिया।
इस अभियान के माध्यम से जम्मू-कश्मीर पुलिस के कर्मचारी और थाना प्रभारी अन्य लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियानों से समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ती है और लोग भी प्रेरित होते हैं।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कहा कि यदि सभी नागरिक इसी तरह स्वच्छता के प्रति जागरूक होकर सहयोग करें तो क्षेत्र को साफ और सुंदर बनाए रखना संभव है।