बिशनाह के नंदरोल में शराब की दुकान बंद करने को लेकर प्रदर्शन करते स्थानीय लोग।
- फोटो : bishnah news
बिश्नाह। कस्बे के नंदरोल गांव में शराब की दुकान खोलने को लेकर शनिवार को स्थानीय लोगों ने गांव का मुख्य मार्ग बंद कर प्रदर्शन किया। लोगों ने आरोप लगाया कि शुक्रवार को मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने दुकान बंद करवाई थी मगर शनिवार देर शाम को फिर खोल दी।
गांव वासियों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि वह अपने क्षेत्र के बच्चों का भविष्य बर्बाद नहीं होने देंगे। किसी कीमत पर गांव में दुकान नहीं खुलने देंगे। प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही बिश्नाह के नायब तहसीलदार प्रियंका शर्मा, थाना प्रभारी बिश्नाह दीपक ठाकुर और एक्साइज इंस्पेक्टर खालिद ने अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच कर प्रदर्शनकारियों को शांत करवाया। अधिकारियों ने गांव वासियों की मांग को पूरा करते हुए शराब की दुकान को बंद करवा दिया। इंस्पेक्टर खालिद ने कहा कि फिलहाल दुकान को बंद कर दिया गया है आगे प्रशासन द्वारा जो दिशा निर्देश दिए जाएंगे उनके अनुसार कार्य किया जाएगा। शराब की दुकान बंद होने के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ। इसके बाद गांव का मुख्य मार्ग खोल दिया गया।