बिश्नाह। एक तरफ नहर दूसरी तरफ नाला, ऊपर 33000 वोल्टेज की हाई टेंशन तारें और बीच में बच्चों के लिए लगे झूले। बिश्नाह खंड विकास कार्यालय के कर्मचारियों की बड़ी लापरवाही सामने आई है। विभाग की तरफ से बिश्नाह के गांव चोरली कोठे में बच्चों के लिए लगाए गए झूले किसी बड़ी अनहोनी को न्योता दे रहे हैं। झूलों के ऊपर बिजली की हाई टेंशन तारें गुजर रही हैं।
झूलों के एक तरफ कई फुट गहरी नदी है। दूसरी तरफ नाला है जिसके कारण उक्त स्थान झूले लगाने के लिए बिल्कुल भी उपयुक्त नहीं था मगर विभागीय अधिकारियों को कोई भी खतरा नजर नहीं आया।
स्थानीय ग्रामीणों में इस बात को लेकर गहरा रोष है। गांव के निवासी दिलीप कुमार तथा सुनील राय ने घटना को अधिकारियों की बड़ी लापरवाही बताया। उन्होंने कहा कि कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। इसके कारण गांव के बच्चों की जान खतरे में पड़ सकती है। गांव वासियों की तरफ से खंड विकास अधिकारी से उक्त स्थान से बच्चों के झूलों को तुरंत हटाने की मांग की गई।
वहीं इस विषय पर जब खंड विकास अधिकारी बिश्नाह सोनिया देवी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि मामला उनके संज्ञान में हैं। उन्होंने कर्मचारियों को झूलों को वहां से तुरंत हटाकर सुरक्षित जगह पर लगाने के आदेश दिए हैं। वहीं पंचायती इंस्पेक्टर केवल कृष्ण ने कहा कि क्षेत्र में जहां पर भी झूले लगाए गए हैं उन सभी स्थानों की जांच की जाएगी। कहा कि बच्चों की सुरक्षा से संबंधित कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।