आरएस पुरा। सई सेक्टर के किसानों ने धान की रोपाई के लिए पानी उपलब्ध न होने पर सुचेतगढ़ के पूर्व डीडीसी तरनजीत सिंह टोनी की अध्यक्षता में प्रदर्शन किया। तरनजीत सिंह टोनी ने कहा कि धान की रोपाई का महत्वपूर्ण समय तेजी से निकलता जा रहा है। सिंचाई के लिए आवश्यक पानी की नियमित आपूर्ति नहीं होने से धान की फसल प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि जिस समय किसानों को सीमांत क्षेत्र में जमीन अलॉट की गई थी, तब किसानों को नहरी पानी की व्यवस्था कर खेती के लिए पानी की आपूर्ति की जाएगी पर किसानों को नहरी पानी नहीं मिल रहा।
प्रदर्शन के दौरान पूर्व सरपंच सर्वजीत सिंह ने प्रशासन और संबंधित विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जल्द से जल्द पानी उपलब्ध कराने की मांग की। उनका कहना था कि यदि समय पर सिंचाई नहीं हुई तो धान की रोपाई प्रभावित होगी, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। किसानों ने पंप सेट भी लगाए हैं, लेकिन बिजली की अघोषित कटौती के चलते पानी नहीं मिलने पर धान की रोपाई नहीं कर पा रहे हैं। पंजाब जैसे राज्य में किसानों को निशुल्क बिजली दी जा रही है पर जम्मू कश्मीर में किसानों को बिना बिजली के ही अधिक बिल भेज परेशान किया जा रहा है।
पूर्व सरपंच विजय चौधरी ने कहा कि सई सेक्टर में तीन पंचायतों के अधीन तीस गांव होने पर न तो किसानों को धान लगाए जाने के लिए बिजली नहीं मिल रही और न ही पड़ रही गर्मी में ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि गांव के ग्रिड स्टेशन में दस एमबीए का नया ट्रांसफार्मर लगाया ताकि सीमांत क्षेत्र के ग्रामीणों को सुचारू रूप से बिजली मिलने पर वह खेतीबाड़ी कर परिवार का खर्च चला सके।
सूचना मिलने पर बिजली विभाग के एक्सईएन सुरेन्द्र कुमार विभाग की टीम के साथ के साथ मौके पर पहुंचे और किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने किसानों को आश्वासन दिया कि अगले दो दिनों के भीतर सिंचाई के लिए पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने की व्यवस्था कर दी जाएगी। ग्रिड स्टेशन में दस एमबीए का नया ट्रांसफार्मर लगाए जाने के लिए रिपोर्ट बनाकर भेजी जाएगी।