आरएस पुरा। लंबित मांगों को लेकर जारी सफाई कर्मियों के आंदोलन को अब बाजार एसोसिएशन का भी समर्थन मिल गया है। वीरवार को सफाई कर्मियों ने प्रदर्शन कर अपनी मांगों को दोहराया। बाजार एसोसिएशन के प्रधान सचिन चोपड़ा सहित अन्य सदस्यों ने भी उनके समर्थन में आवाज बुलंद की।
इस दौरान बाजार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ओम प्रकाश आडवाणी ने कहा कि सफाई कर्मियों की हड़ताल के चलते बाजार और आसपास के क्षेत्रों में कूड़े-कचरे के ढेर लग गए हैं। इससे गंदगी फैल रही है और लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में बरसात का मौसम शुरू होने वाला है। ऐसे में गंदगी के कारण विभिन्न संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ सकता है।
सचिन चोपड़ा ने कहा कि सफाई कर्मी अपनी जायज मांगों को लेकर लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अभी तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया है। उन्होंने प्रशासन और जम्मू-कश्मीर सरकार से अपील करते हुए कहा कि सफाई कर्मियों की लंबित मांगों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए ताकि वे अपने कार्य पर लौट सकें और क्षेत्र में सफाई व्यवस्था सुचारु रूप से बहाल हो सके।
प्रदर्शन में शामिल सफाई कर्मियों ने भी चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। वहीं स्थानीय व्यापारियों ने भी सरकार से मामले का जल्द समाधान निकालने की मांग की है ताकि बाजार क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था बहाल हो सके। इस दौरान सफाई कर्मी यूनियन व बाजार एसोसिएशन के अन्य सदस्य भी मौजूद थे।