आरएस पुरा। मौसम खराब होने से चिंतित किसानों ने खेतों में तैयार फसल की कटाई कंबाइन से शुरू कर दी है। वीरवार को पंजाब से आई कंबाइन मशीनों से गेहूं की कटाई का काम शुरू हो गया है। हालांकि वीरवार रात से मौसम खराब होने और हल्की बारिश शुरू होने से किसानों के चेहरों पर निराशा साफ नजर आ रही है।
किसानों का कहना है कि पिछले दिनों हुई बारिश से पहले ही लगभग 50 प्रतिशत गेहूं की फसल खराब हो चुकी है। अब अगर बारिश होती है तो बची फसल भी बर्बाद हो सकती है।
किसानों ने प्रशासन से अपील की है कि मौके पर आकर खराब हुई फसल का जायजा लिया जाए। साथ ही जिन किसानों ने किसान क्रेडिट कार्ड के तहत ऋण लिया है, उसे माफ किया जाए या राहत प्रदान की जाए।
किसान देशराज और अजीत राज ने कहा कि वीरवार रात को चली हवा से भी खेतों में पककर तैयार फसल का दाना गिर रहा है। इससे भी किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।