मीरां साहिब। मीरां साहिब ग्रिड स्टेशन में 132 केवी जंपर में फाल्ट आने पर उप जिले में बुधवार को दिनभर बिजली आपूर्ति ठप रही। कस्बे के अजय कुमार का कहना है कि उनकी बल्ले बनाने की फैक्टरी है। दिनभर बिजली बंद होने पर कार्य प्रभावित रहा।
जम्मू-कश्मीर पीपल सेकुलर फोरम के प्रधान कुंदन लाल शर्मा का कहना है कि हालत यह है कि बिजली विभाग के पास जरूरत के मुताबिक कर्मी न होने पर दिक्कत बनी हुई है। उन्होंने कहा कि लाइनमैन सहित अन्य कर्मियों के सेवानिवृत्त होने पर सरकार की ओर से नई भर्ती नहीं की जा रही। चार-पांच पंचायतों में एक लाइनमैन होने पर कोई फाल्ट आने पर रातभर बिजली सेवा बंद रहने पर दूसरे दिन ठीक किया जाता है।
शर्मा ने कहा कि मीरां साहिब के ग्रिड स्टेशन में बार-बार फाल्ट आने पर बिजली सेवा ठप रहने पर बिजली विभाग को इसका समाधान करना चाहिए ताकि उपभोक्ताओं को सुचारू रूप से बिजली की आपूर्ति हो सके।
बिजली विभाग के संबंधित एईई गुलशन शर्मा का कहना है कि 132 केवी का जंपर डैमेज होने पर उसे ठीक किया जा रहा है। जल्द बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।