आरएस पुरा। आरएस पुरा के अंतरराष्ट्रीय सीमांत क्षेत्र के अधिकतर ग्रामीण शिविरों से वापस घरों में लौट गए हैं, लेकिन खौफ बरकरार है। लोग इतने डरे हुए हैं कि वो घरों के भीतर ही रह रहे हैं। सीमांत गांव रायपुर के रंजीत सिंह का कहना है कि गांव में तीन चार घर क्षतिग्रस्त होने के साथ पशु मारे गए और कई घायल हाे गए। गांव में किराना की दुकान चला रहे प्रीतम सिंह का कहना है कि गोला उनके मकान की छत पर गिरा। गनीमत रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की ओर से वर्ष 2002 में अकारण गोलाबारी के चलते मकान तबाह हो गए थे। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी रेंजर्स का कोई भरोसा नहीं कब फायरिंग शुरू कर दें। अभी भी औपचारिक तौर पर पाकिस्तान से कोई बातचीत को लेकर असमंजस के चलते लोगों में खौफ बरकरार है।