आरएस पुरा। कस्बे में ठग बाबा एक महिला की सोने की बालियां ले उड़ा। स्थानीय स्पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार जीतो देवी पत्नी कृष्ण लाल निवासी वार्ड चार दोपहर को खाना लेकर जा रही थी। सब्जी मंडी के पास उसे एक बाबा व एक महिला मिली। बाबा ने महिला जीतो देवी को रोक परेशान होने का कारण पूछा।
महिला ने कहा कि घर में परेशानी है। बाबा ने उसे अपनी बातों में उलझा लिया। इस दौरान बाबा के साथ महिला ने कहा कि बाबा बड़े पहुंचे हुए हैं। इनकी बात मानने पर सब ठीक हो जाएगा। तब बाबा ने उसे एक कागज में प्रसाद दिया। साथ ही सोने की बालियां उतारकर इसमें रखने को कहा। इसके बाद बाबा ने मंत्र मारा और कागज की पूड़ी जीतो देवी को देकर कहा कि इसे घर जाकर खोलना। महिला जब घर पहुंची तो उसमें प्रसाद मिला, लेकिन बालियां नहीं मिलीं। इसके बाद महिला ने आरएस पुरा पुलिस थाने में ठगी का मामला दर्ज करवाया।
गौरतलब है कि दो माह पहले भी कस्बे में इसी प्रकार एक महिला के साथ ठगी की गई थी। आरएस पुरा पुलिस बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिये ढोंगी बाबा की तलाश कर रही है।